केतन मर्डर मामले में – माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता
मुंबई । एक्टर और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने केतन अग्रवाल मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिया गोयल के पिता के हालिया चौंकाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा कि इस घटना के लिए माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब सोशल मीडिया और एआई बच्चों की प्रोग्रामिंग कर रहे हैं, तो उनके संस्कारों के बारे में कभी भी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। कंगना ने एक हेडलाइन शेयर की जिसमें सिया के पिता कहते हैं, अगर मेरी बेटी ने केतन को मारा है, तो उसे उसी किले से नीचे फेंक दो।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंस्टाग्राम पर कंगना ने लिखा, आजकल सिर्फ परिवारों, घरों या माता-पिता को देखकर आप बच्चों के संस्कारों के बारे में पक्का नहीं कह सकते, ज्यादा जरूरी यह है कि उन्हें कौन तैयार कर रहा है? वे किसके साथ समय बिताते हैं, और सोशल मीडिया-एआई या असल जिंदगी में उन पर किन चीजों का असर हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो कुछ भी हुआ, उसके लिए माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने लिखा कि लोग एक साथ कई तरह की जिंदगी जी रहे हैं। वे बहुत सोच-समझकर अपनी एक अच्छी छवि बनाते हैं क्योंकि असल बात यह है कि लोग उन्हें कैसा देखते हैं, न कि वे कैसा महसूस करते हैं या असल में कैसे हैं। इसलिए, बच्चों की हरकतों के लिए परिवारों को गलत नहीं ठहराया जा सकता। बता दें 18 जून को लोनावला के पास लोहागढ़ किले में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत हो गई। शुरू में इसे गलती से गिरने का मामला बताया था, लेकिन जल्द ही यह हत्या का मामला बन गया। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उनके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी शक के घेरे में आ गए।


