नई दिल्ली । चुनाव आयोग ने सोमवार को राज्यसभा की 27 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव व उपचुनावों के साथ-साथ 3 राज्यों की राज्य विधान परिषदों के लिए होने वाले चुनाव से जुड़ी अधिसूचनायें जारी की है। इसके साथ ही आज से इनके लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
राज्यसभा के लिए 10 राज्यों की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक सीट के लिए उपचुनाव होना है। इसके लिए बिहार और कर्नाटक की विधानपरिषद के लिए क्रमश: 9 और 7 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव तथा बिहार की एक विधानपरिषद सीट पर उपचुनाव होना है।
आयोग के अनुसार द्विवार्षिक और उपचुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्त कर दी है।
चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज (1 जून) शुरू हो चुकी है और 8 जून दोपहर तीन बजे तक नामांकन भरे जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतदान 18 जून को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होंगे और उसी दिन शाम 5:00 बजे मतगणना की जाएगी।


