मौत से पहले का वीडियो आया सामने, संगीता ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप
संभाजीनगर । छत्रपति संभाजीनगर के वालुज में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। बेटे ने पहाड़ी से कूदकर सुसाइड कर लिया था। बेटे को बचाने के चक्कर में पिता की भी पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई थी। वहीं पति-बेटे को गिरता देख सदमे में मां भी पहाड़ी से कूद गई। चंदों मिनटों में पूरा परिवार खत्म हो गया। अब इस मामले में कुणाल की मां संगीता चांदगुडे का मौत से पहले का वीडियो सामने आया है।
इस वीडियो में संगीता ने अपने कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने परिवार को परेशान करने और संपत्ति को लेकर विवाद पैदा करने की बात कही है। हालांकि पुलिस इस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। वीडियो में संगीता काफी परेशान नजर आ रही है। वह अपने परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद के बारे में बता रही है। उन्होंने अपने पति की बहन और कुछ रिश्तेदारों पर परिवार में झगड़े कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रिश्तेदारों ने उनके परिवार का सुख और शांति खराब कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संगीता ने वीडियो में आरोप लगाया कि रिश्तेदार लगातार उनके परिवार में दखल देते थे। वह उनके पति के साथ भी गलत व्यवहार करते थे। उन्होंने कहा कि परिवार को तोड़ने की कोशिश की गई। इसके बाद संपत्ति में हिस्सा मांगने की बात भी सामने आई है। संगीता ने अपने बेटे कुणाल का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रिश्तेदारों ने कुणाल को उसके पिता से दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के मुश्किल समय में उन्हें और उनके पति को साथ नहीं मिला। संगीता ने वीडियो में अपने पति से भी सवाल किए। उन्होंने कहा कि आज उन्हें अपनी बहन के दुख की चिंता हो रही है, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे के दुख को पहले क्यों नहीं समझा।
संगीता ने यह भी कहा कि जब उनका बेटा चला गया था, तब परिवार के कुछ लोग अपनी जिंदगी सामान्य तरीके से जी रहे थे। त्योहार मना रहे थे। पार्टी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया। उन्होंने सिर्फ वही बातें सामने रखीं, जो उनके साथ हुई थीं। इस घटना के बाद अब तक मोबाइल की किश्त को लेकर कुणाल के नाराज होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा था कि इसी विवाद के बाद परिवार में तनाव बढ़ा था, लेकिन संगीता का कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने जांच का एक और एंगल आ गया है। अब पारिवारिक विवाद और संपत्ति विवाद को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।
पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब बनाया गया था। क्या यह वीडियो सही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


