दुमका। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार अंतर्गत मेरा युवा भारत केन्द्र दुमका के जिला स्तरीय कार्यालय में नये जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने 18 मई 2026 दिन सोमवार को अपना योगदान किया।
सौरभ जैन नवनियुक्त जिला युवा अधिकारी हैं जिनका पहला पदस्थापन झारखंड के दुमका जिला में किया गया है। मेरा युवा भारत केंद्र दुमका के जिला स्तरीय कार्यालय में उनके योगदान के दौरान कार्यालय के लेखापाल सह कार्यक्रम सहायक उदय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और अपने स्वागत संबोधन में उम्मीद जताते हुए कहा कि नये जिला युवा अधिकारी के नेतृत्व में जिले के युवाओं के हित में मेरा युवा भारत केंद्र और बेहतर तरीके से कार्य करने में सक्षम होगा।
आशा करता हूं कि नये जिला युवा अधिकारी के रूप में योगदान कर रहे सौरभ जैन का कार्यकाल भी पिछले जिला युवा अधिकारी के कार्यकाल की तरह ही बेहतर होगा। इसके लिए हम सभी कार्यालय कर्मी उनके नेतृत्व में टीम भावना के साथ अपना बेहतर देने की कोशिश करेंगे।
योगदान के उपरांत नये जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने कहा कि दुमका जिले के युवा हमारे युवा क्लब और उसकी गतिविधियों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ें और अपनी सकारात्मक ऊर्जा, देश व समाज हित में लगायें ताकि समाज और देश का सर्वांगीण विकास हो सके। सरकार की योजनाओं का लाभ भी वे उठाएं और समाज के जरूरतमंद लोगों को भी उससे जोड़ने में उनकी मदद करें। युवा शक्ति और उनकी सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा प्रदान करना माय भारत का उद्देश्य रहा है। जिसके लिए मैं इस जिले के युवाओं के साथ मिलकर बेहतर कार्य करने की कोशिश करुंगा। मैं पूरी कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने विभाग के कार्य दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। आशा करता हूं कि यहां के लोगों का हर संभव सहयोग हमें मिलेगा। इस अवसर पर अशोक सिंह जिला कार्यक्रम समन्वयक जिला साक्षरता समिति, दुमका एवं संबंधित विभाग के एमटीएस मो. नूर हसन सहित विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


