संताल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची। राज्यसभा की एक सीट के लिए एनडीए का उम्मीदवार भी सोमवार को नमांकन पत्र भरेगा। यह बात भाजपा के प्रदेश महासचिव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी ने आज शाम मीडिया से कही। लेकिन उन्होंने एनडीए के उम्मीदवार के नाम का खुलासा करने से इंकार कर दिया। उन्होंने दावा किया है कि एनडीए उम्मीदवार की जीत के लिए पर्याप्त समर्थन है। राजनीतिक हलके में यह चर्चा है कि परिमल नाथवानी एनडीए के उम्मीदवार हो सकते हैं। उन्होंने भी नामांकन पत्र खरीद कर रखा है कि चुनाव के सिलसिले में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिल चुके हैं। उन्हें मुख्यमंत्री से क्या आश्वासन मिला, इसका खुलासा नहीं हुआ है। लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि परिमल नाथवानी को अन्य दलों के विधायकों का समर्थन मिल सकता है।आज शाम अचानक भाजपा के कई विधायक पार्टी मुख्यालय पहुंचे। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के साथ महामंत्री अमर कुमार बावरी भी थे।
नामांकन का अंतिम दिन आज
झारखंड समेत देश के 10 राज्यों की कुल राज्यसभा 24 सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि सोमवार आठ जून को है। नौ जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 11 जून तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना होगी और परिणाम घोषित किये जायेंगे।


