संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के कुस्कूटा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की हत्या का पुलिस ने महज आठ घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे जादू-टोना का शक सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव के ही धर्मा पहाड़िया के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर हत्याकांड के उद्भेदन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर की रात कुस्कूटा गांव में ग्राम प्रधान की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ तकनीकी एवं मानवीय सूचना का सहारा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और श्वान दस्ते की भी मदद ली गई। जांच के क्रम में पुलिस को धर्मा पहाड़िया पर संदेह हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में धर्मा ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी के हत्थे वाली कुल्हाड़ी (टांगी) तथा खून के निशान लगा नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा बरामद किया गया।एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे ग्राम प्रधान पर जादू-टोना करने का शक था। आरोपी का दावा है कि जादू-टोना के कारण पहले उसके दादा और बाद में पिता की मौत हुई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि एक बार शराब के नशे में ग्राम प्रधान ने उसके पिता और दादा की मौत को लेकर जादू-टोना करने की बात कही थी। इसी बात को लेकर उसके मन में ग्राम प्रधान के प्रति आक्रोश था और उसने हत्या की योजना बनाई।मृतक की पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


