दुमका । झारखंड विधानसभा सत्र की कार्यवाही संपन्न होने के बाद शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के युवा और लोकप्रिय विधायक आलोक कुमार सोरेन ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री के साथ अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान विधायक आलोक कुमार सोरेन ने शिकारीपाड़ा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लंबित विकास योजनाओं को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने इन समस्याओं के त्वरित और सकारात्मक समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। विधायक की इस सक्रियता से शिकारीपाड़ा क्षेत्र की जनता में विकास कार्यों को लेकर एक नई उम्मीद जगी है।


