देवघर संताल एक्सप्रेस:-ऑल इंडिया शेड्यूल्ड कास्ट्स/ट्राइब्स एंड बैकवर्ड क्लासेज एम्प्लॉयीज को-ऑर्डिनेशन काउंसिल, झारखंड प्रदेश के संथाल परगना अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार दास के नेतृत्व में मंगलवार को एक शिष्टमंडल ने देवघर सर्किट हाउस में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार से मुलाकात कर आदित्य नारायण (ए.एन.) कॉलेज, दुमका में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ऑनलाइन शुल्क व्यवस्था लागू होने के बावजूद छात्रों से प्रति सेमेस्टर ₹50 ऑफलाइन वसूला गया और यह राशि कॉलेज के अधिकृत खाते के बजाय दो शिक्षकों के संयुक्त निजी बैंक खाते में जमा कराई गई, जिससे लगभग 30 लाख रुपये की निकासी होने का भी आरोप है। संगठन ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा वार्षिक अनुदान वितरण में अनियमितता, बायोमेट्रिक उपस्थिति के बिना वेतन भुगतान, अवैध नियुक्तियां, आरक्षण रोस्टर उल्लंघन तथा बिना टेंडर निर्माण कार्य और पुस्तक खरीद की भी जांच की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रोफेसरों के लंबित प्रोन्नति एवं बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया, जिस पर प्रधान सचिव ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।


