देवघर संताल एक्सप्रेस:-देवघर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित निर्वाचन कार्यालय में उस समय दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला,जब मेयर पद के दो प्रमुख प्रत्याशी सूरज झा और बाबा बलियासे एक साथ मौजूद दिखाई दिए। दोनों प्रत्याशियों की एक ही स्थान पर मौजूदगी ने न केवल चुनावी चर्चाओं को और तेज कर दिया, बल्कि आम लोगों और राजनीतिक हलकों में भी खासा ध्यान आकर्षित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों प्रत्याशी अपने-अपने चुनावी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए निर्वाचन कार्यालय पहुंचे थे।
इस दौरान दोनों के समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे। हालांकि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद दोनों प्रत्याशियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। कुछ देर तक दोनों प्रत्याशी आपस में बातचीत करते भी नजर आए, जिसे लोग चुनावी शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपरा का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। सूरज झा और बाबा बलियासे दोनों ही अपने-अपने समर्थकों के बीच सक्रिय जनसंपर्क में जुटे हुए हैं और विकास, पारदर्शिता एवं बेहतर नगर व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। निर्वाचन कार्यालय में दोनों प्रत्याशियों की एक साथ उपस्थिति ने यह साफ कर दिया है कि देवघर नगर निगम चुनाव इस बार बेहद रोचक और कड़ा होने वाला है। सादगी के लिए सूरज झा जाने जाते हैं।


