◆अंगीभूत कॉलेजों के लिए ₹1100 से 1700 रुपये है एडिमशन फी
◆एफिलिएटेड कॉलेजों के लिए ₹1650 से 2250 रुपये निर्धारित है एडमिशन फी
विशेष संवाददाता
दुमका । एसकेएमयू दुमका के अंगीभूत और सम्बद्ध डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-30 में स्नातक सेमेस्टर-1 में नामांकन प्रक्रिया चल रही है।प्रथम मेरिट लिस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं के दस्तावेज सत्यापन और नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में है।सीट बची रहने पर द्वितीय मेरिट लिस्ट निकाला जाएगा।इधर कॉलेजों में नामांकन फी,ट्यूशन फी और अन्य शुल्कों को लेकर छात्र-छात्राओं के बीच उहापोह की स्थिति है।एक ही यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों में अलग-अलग शुल्क संरचना से छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति है।जबकि विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2025-29 के लिए ही संशोधित फी स्ट्रक्चर जारी किया गया था जो 2026-30 के लिए भी लागू है।विश्वविद्यालय के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कुलपति के आदेश से 18 मार्च 2026 को जारी अधिसूचना संख्या-31/2026 द्वारा अंगीभूत और एफिलिएटेड कॉलेजों के लिए अलग-अलग एडमिशन फी स्ट्रक्चर निर्धारित किया गया था।विश्वविद्यालय द्वारा जारी इस संशोधित एडमिशन फी स्ट्रक्चर के मुताबिक अंगीभूत कॉलेजों के लिए एडमिशन फी(सभी शुल्कों सहित) न्यूनतम 1100 रुपये से अधिकतम 1700 रुपए निर्धारित है।वहीं एफिलिएटेड(सम्बद्ध) कॉलेजों के लिए सभी शुल्कों सहित एडमिशन फी न्यूनतम 1650 रुपये से लेकर अधिकतम 2250 रुपए निर्धारित किया गया है।फिर भी यह शिकायत आ रही है कि कई एफिलिएटेड कॉलेजों में छात्र-छात्राओं से एडमिशन के वक्त मनमाना फी वसूला जा रहा है।यहां तक कि किसी-किसी एफिलिएटेड कॉलेज में 3000 से 3200 रुपये तक फी ली जा रही है।इससे छात्र-छात्राओं में रोष है।
बता दें कि संताल परगना प्रमंडल के 6 जिलों -दुमका, देवघर, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा और गोड्डा में एसकेएमयू के कुल 43 महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इनमें 27 अंगीभूत कॉलेज और 16 सम्बद्ध (एफिलिएटेड) कॉलेज शामिल हैं।


