दुमका। नगर परिषद उपाध्यक्ष पद को लेकर चल रहा सस्पेंस शुक्रवार को खत्म हो गया। समाहरणालय सभागार में भारी गहमागहमी और कड़ी सुरक्षा के बीच हुए चुनाव में वार्ड संख्या 20 के पार्षद मनोज कुमार सिंह ने एकतरफा जीत हासिल की है। इस सीधे मुकाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी और वार्ड संख्या 10 के पार्षद कन्हाई प्रसाद साह को 15 मतों के भारी अंतर से पराजित किया।
चुनावी गणित पर नजर डालें तो मनोज कुमार सिंह को कुल 18 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ, जिससे उनकी जीत का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया। दूसरी ओर, कन्हाई प्रसाद साह को मात्र 3 वोटों से संतोष करना पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि कन्हाई साह को मिले इन तीन वोटों में एक उनका अपना मत था, जबकि शेष दो वोट उनकी प्रस्तावक वार्ड 17 की पार्षद अरबी खातून और समर्थक वार्ड 3 की पार्षद कुसुम देवी के थे।
इन तीनों को छोड़कर सदन के अन्य सभी 18 वार्ड पार्षदों ने एकजुट होकर मनोज सिंह के पक्ष में मतदान किया। इस शानदार जीत के बाद समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और शहर के विकास की नई उम्मीदें जताईं। मनोज सिंह ने अपनी जीत का श्रेय साथी पार्षदों के भरोसे को दिया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


