◆युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान
संताल एक्सप्रेस
दुमका । शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाई गई।वीर कुंवर सिंह चौक पर स्थित पागल बाबा मंदिर परिसर में समाजसेवी ठाकुर श्यामसुंदर सिंह के नेतृत्व में आयोजित समारोह में अच्छी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया एवं उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा वार्ड पार्षद महेश राम चंद्रवंशी, श्यामल किशोर सिंह, उमाशंकर चौबे, संदीप कुमार जय बमबम, कौशल सिंह, रंजीत सिंह, हरेंद्र सिंह, उदय सिंह, राकेश रंजन सिंह, पराक्रम शर्मा, राजीव रंजन मिश्रा, जितेंद्र झा, आशीष सिंह, संतोष झा और विकास शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया। हल्दीघाटी के युद्ध में उनका अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी महाराणा प्रताप ने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।वक्ताओं ने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में नगर परिषद द्वारा दिन-रात दोनों शिफ्ट में चलाए जा रहे ऐतिहासिक सफाई अभियान के लिए अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया एवं उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


