संताल एक्सप्रेस प्रतिनिधि
पाकुड़ । मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लभपुर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी का प्रयास किया गया। एक युवक ने उपकेंद्र परिसर में रखे एल्युमीनियम पोस्ट इंसुलेटर का हेड चोरी करने की कोशिश की। मौके पर तैनात जूनियर लाइनमैन की सतर्कता से आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया, लेकिन वह दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।जूनियर लाइनमैन अशोक राम ने बताया कि सोमवार सुबह वह उपकेंद्र के पैनल रूम में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास से संदिग्ध आवाज सुनाई दी। खिड़की से देखने पर उन्होंने एक युवक को रिजर्व में रखे पोस्ट इंसुलेटर का एल्युमीनियम हेड तोड़ते हुए देखा।उन्होंने तुरंत युवक को ललकारा। इस दौरान युवक एल्युमीनियम हेड तोड़ चुका था। जब अशोक राम उसकी ओर बढ़े तो आरोपी उन पर हमला करने के लिए आगे आया। आत्मरक्षा में लाइनमैन ने पास में पड़ा डंडा उठा लिया, जिसके बाद युवक उपकेंद्र की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।अशोक राम ने फरार युवक की पहचान बेलपहाड़ी निवासी हंजला शेख के रूप में की है। उन्होंने बताया कि उक्त युवक पहले भी कई बार विद्युत उपकेंद्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इस संबंध में पूर्व में भी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।लाइनमैन के अनुसार करीब 10 दिन पहले भी आरोपी ने उपकेंद्र से तांबे का केबल तार चोरी किया था। इसके अलावा उसने एक ट्रांसफार्मर से तेल निकालने का भी प्रयास किया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण कई बार विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है।अशोक राम ने बताया कि आरोपी नशे की लत के कारण इस प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी की तलाश में जुट गई है।


