पूर्वी सिंहभूम। मूसलधार बारिश ने बुधवार काे जमशेदपुर में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हुई तेज वर्षा के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और जगह-जगह वाहनों के फंसने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। बारिश का सबसे अधिक असर साकची, मानगो, कदमा, गोलमुरी और बिष्टुपुर सहित शहर के विभिन्न इलाकों में देखने को मिला। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। कई चारपहिया और दोपहिया वाहन जलभराव में फंस गए, जबकि कुछ वाहन आधे तक पानी में डूबे दिखाई दिए। कई स्थानों पर वाहनों के बंद हो जाने के कारण लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों तक फंसे रहना पड़ा।
लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा और खरकाई नदी के निचले तटीय क्षेत्रों में भी पानी तेजी से बढ़ने लगा है। इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। अचानक हुई तेज बारिश से बाजारों और कार्यालयों से लौट रहे लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। जलनिकासी व्यवस्था चरमराने के कारण कई मोहल्लों और सड़कों पर पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और संभावित बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, नदी किनारे सतर्कता बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।


