पूर्व मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि, परिवार को मुआवजा और सम्मान की उठी मांग
देवघर। वतन पर कुर्बान हुए वीर सपूत प्रहलाद कुमार सिंह की अंतिम यात्रा में गुरुवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों की मौजूदगी में पूरा इलाका गम और गौरव के भाव से भरा नजर आया। अंतिम यात्रा में प्रदेश के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। सारठ विधायक रणधीर सिंह ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रहलाद कुमार सिंह की शहादत से पूरे देवघर जिले का मान देशभर में बढ़ा है। कम उम्र में देश सेवा के लिए उनका समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद की स्मृति को सहेजने के लिए उनके पैतृक गांव में प्रतिमा और शेड का निर्माण कराया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने शहीद के परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सभी अनुग्रह राशि और सुविधाएं जल्द दिलाई जाएंगी। साथ ही राज्य सरकार से भी शहीद के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा देने की मांग की।
वहीं, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने भी शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि प्रहलाद कुमार सिंह एक असाधारण जवान थे, जिन्होंने कम उम्र में ही अपनी कर्तव्यनिष्ठा से 17 पदक हासिल किए थे। उनका निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सारवां और देवघर के लोगों का जिस तरह सड़कों पर उतरकर शहीद को अंतिम विदाई देना, यह दर्शाता है कि प्रहलाद ने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। हर वर्ग के लोग आज उन्हें नमन कर रहे हैं। अंतिम यात्रा के दौरान अजय नदी तट पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी रही। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में शहीद को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति के नारों के बीच वातावरण गूंजता रहा और हर किसी की आंखें नम दिखीं।


