पटना । केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, कि चुनाव आयोग निष्पक्ष है, यदि उसके निर्देश पर मेरे खिलाफ मामला दर्ज हुआ है तो मैं उसका सम्मान करता हूं।
गौरतलब है, कि आचार संहिता उल्लंघन मामले में मंगलवार को चुनाव आयोग ने ललन सिंह के खिलाफ पटना में मामला दर्ज कराया। इस कार्रवाई का मुख्य कारण आरजेडी द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया एक वीडियो था, जिसमें ललन सिंह कथित तौर पर कहते देखे गए, कि यहां के कुछ नेता हैं, जिन्हें चुनाव के दिन घर से निकलने मत दीजिएगा, उन्हें घर में बंद कर दीजिए। इस पर मामला दर्ज होने के बाद सफाई दे रहे ललन सिंह ने कहा, कि आरजेडी ने भ्रामक वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने कहा, कि यह वीडियो उस गांव का है, जहां एक स्थानीय राजद नेता गरीबों को बूथ पर जाने नहीं देने की धमकी दे रहे थे। इस वजह से उन्होंने गांववालों से कहा था कि अगर कोई नेता गरीबों को डराए तो उसे घर में बंद कर दो।


