कोडरमा । कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमो चौक पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 55 वर्षीय रामकिशुन यादव की दर्दनाक मौत हो गई। वे रोज की तरह चाय पीने के लिए घर से गुमो चौक जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, झुमरी तिलैया की ओर से आ रही अर्टिगा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटती हुई आगे निकल गई और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रामकिशुन को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश, रांची ले जाने के दौरान बरही पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मृतक के लिए उचित मुआवजे और गुमो चौक पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-20 को जाम कर दिया। इससे सड़क पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है और फरार चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक रामकिशुन यादव स्वर्गीय हरि यादव के पुत्र थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गुमो चौक पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, और उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए जल्द से जल्द अंडरपास निर्माण कराने की मांग की है।


