बरहरवा पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार,लिया प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा
बरहरवा- झारखंड राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार बुधवार को अपने संथाल परगना दौरे के दौरान बरहरवा पहुंचे. जहां उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया. यह कार्यक्रम बरहरवा स्थित प्लस -2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया था. जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े बीएलए -2 प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था.निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र की व्यवस्था, प्रतिभागियों की उपस्थिति तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन किया. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समझ और निर्वाचन संबंधी जानकारी का भी आंकलन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सटीक और अद्यतन होना बेहद जरूरी है. और इस कार्य में बीएलए -2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.उन्होंने सभी संबंधित प्रतिनिधियों और अधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ योगदान देने का संदेश दिया. साथ ही यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण और जागरूकता अभियानों का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है.
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में संशोधन, नाम हटाने की प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक निर्वाचन संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को क्षेत्र में चल रही चुनावी तैयारियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रगति से भी अवगत कराया.मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सहित निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी के अलावे विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई.


