रांची: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महत्वपूर्ण बैठक मुख्यमंत्री आवास में आयोजित हुई। रांची जिले के सभी स्तरों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भले ही निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते, लेकिन हर प्रत्याशी किसी न किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा होता है। ऐसे में झामुमो को भी समय रहते मजबूत तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि 27 या 28 जनवरी तक राज्य में आचार संहिता लागू हो सकती है और फरवरी माह में पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सीएम हेमंत ने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि यह चुनाव पार्टी की संगठनात्मक ताकत को परखने का अहम अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्ड कमेटियों का विस्तार जल्द पूरा किया जाए। संभावित प्रत्याशियों के चयन में देरी न की जाए। संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी रणनीति तय की जाए।
बैठक का संचालन झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने किया। कार्यक्रम में सुप्रियो भट्टाचार्य, अभिषेक प्रसाद “पिंटू”, पवन जेडिया, अश्विनी शर्मा, अंतु तिर्की, समनूर मंसूरी, मुश्ताक आलम, हेमलाल मेहता, नयनतारा उरांव, संध्या गुड़िया, सुषमा वरदेवा, अंकिता वर्मा सहित रांची जिला और महानगर की सभी प्रखंड एवं वार्ड समितियों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


