संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़)। पुराना प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 4 अगस्त को दिशोम गुरु एवं झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर पाकुड़ में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी शुरू करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा भी की गई। विधायक ने कहा कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ काम किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया।बैठक में जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, अब्दुल गनी मोमिन, जिला संगठन सचिव मुसलुद्दीन अंसारी,प्रखंड अध्यक्ष इशहाक अंसारी, जन जंतु सोरेन, रंजन साहा, जब्बार अंसारी, निर्मल साहा,मोतिन अंसारी, भुभन रविदास आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।


