झामुमो दोनों सीटों पर उतरेगा प्रत्याशी, कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार घोषित करने से नराज
रांची। कांग्रेस ने झारखंड से राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। उम्मीदवार की घोषणा करने से झामुमो नाराज हो गया है। उसने दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने का एलान कर दिया है। झामुमो का कहना है कि कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाने से पहले पार्टी को विश्वास में नहीं लिया। इसकी वजह से झामुमो ने झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का फैसला किया है। राज्य सभा चुनाव 2026 को लेकर कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में लेकर झामुमो की बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुलाई। इसमें मंत्री एवं विधायकों के साथ उन्होंने चुनाव को लेकर मंथन किया।
जानकारी हो कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है। झामुमो के दो उम्मीदवार उतारने के बाद चुनाव मैदान में चार प्रत्याशी होने की संभावना है। भाजपा ने पहले ही एक सीट पर चुनाव लडऩे की घोषिणा कर दी थी। भाजपा को एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए केवल 4 विधायकों के क्रॉस-वोटिंग की जरूरत है। राज्यसभा की सीटों के बंटवारे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को दो टूक कहा कि महागठबंधन केवल चुनावी गणित का विषय नहीं है, बल्कि इसमें सहयोगी दलों के सम्मान, आपसी विश्वास और संवाद की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति में झामुमो की भूमिका सबसे अहम रही है, इसलिए राज्यसभा की दोनों सीटों पर पार्टी अपनी दावेदारी को स्वाभाविक मानती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि किसी भी उम्मीदवार की घोषणा से पहले गठबंधन सहयोगियों के साथ व्यापक चर्चा होनी चाहिए थी।


