रांची । दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026 के समापन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड आज अपनी निर्भरता की पुरानी छवि से आगे बढ़ते हुए विकास का नया अध्याय लिख रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मंथन के सकारात्मक परिणाम जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे और राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुयेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह झारखंड के हितों और यहां की जनता की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल घड़े में गिरने वाली एक बूंद की तरह है, जो धीरे-धीरे पूरे घड़े को भर देगी।विकास की प्रक्रिया निरंतर चलने वाली है और छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बनेंगे।हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वह राज्य है जिसने प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से पूरे देश का पेट भरा है, लेकिन स्वयं लंबे समय तक अनेक कठिनाइयों का सामना करता रहा।
अब समय आ गया है कि राज्य अपने संसाधनों का लाभ यहां के लोगों के विकास और समृद्धि के लिए सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सरकार इसी सोच के साथ उद्योग, निवेश, प्रौद्योगिकी और रोजगार के नये अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसा विकास मॉडल तैयार करना है जिससे झारखंड के युवाओं, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों को सीधे लाभ मिले तथा राज्य आत्मनिर्भर और समृद्ध बने।सीएम ने कहा कि समापन कार्यक्रम में कल्चरल इवेंट एवं डिनर रिसेप्शन का आयोजन किया।जिसमें कई देशों के राजनयिकों, कई वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात हुई।कार्यक्रम में राज्य को समृद्ध, संस्कृति, सभ्यता, व्यंजन और विरासत की अद्भुत प्रस्तुति की गयी।सभी का हार्दिक आभार और जोहार।


