निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र खरीदा, सभी दलों से हैं बेहतर संबंध
रांची । झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाला चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। पूर्व राज्यसभा सांसद परिमल नाथवाणी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र खरीदकर राजनीतिक समीकरणों को नया आयाम दे दिया है।
परिमल नाथवाणी इससे पहले 2008 और 2014 में झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा पहुंच चुके हैं। राजनीतिक गलियारों में उनकी पहचान सभी दलों और कई विधायकों के साथ बेहतर संबंध रखने वाले नेता के रूप में है। दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने भी नामांकन पत्र खरीदा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।
राज्यसभा चुनाव के लिए अब तक छह नेताओं ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। ऐसे में भाजपा के उम्मीदवार और अन्य संभावित दावेदारों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। नाथवाणी की एंट्री से मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।


