दो बाइक पर सवार चार की संख्या में नकाबपोश अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
जरमुंडी । जरमुंडी के तालझारी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक जेवर विक्रेता से चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब नौ लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के जेवरातों की लूट कर ली। यह घटना आठ अप्रैल बुधवार संध्या करीब 6: 20 अपराह्न की है। इस संदर्भ में पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह पिता स्वर्गीय रामदेव साह ने तालझारी थाना में आवेदन देकर बताया कि वह तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशमाहा गांव का निवासी है। वह जीविकोपार्जन के लिए वह तालझारी हाट के समीप आभूषणों की दुकान संचालित करता है। बीते आठ अप्रैल संध्या 6: 20 के करीब अपनी दुकान बंद कर दुकान के जेवर जेवरात लेकर सोनारायठाढ़ी देवघर निवासी एक संबंधी हरिनंदन साह, पिता स्व सत्यनारायण साह की बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।
कुछ ही दूरी जाने पर पीछे से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश व्यक्ति आज और उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। नकाबपोश अपराधियों ने रिवाल्वर निकालकर बाइक के पीछे बैठे दिलीप साह के कनपटी में सटा दिया एवं उसके हाथ में पकड़ा हुआ जेवर का थैला छीन लिया। अपराधियों ने धमकी दी कि हल्ला गुल्ला किया तो जान से मार देंगे। पीड़ित दुकानदार दिलीप कुमार साह ने बताया कि थैले में करीब दो किलो ग्राम चांदी का सामान , जिसमें ग्राहकों का एक किलो ग्राम चांदी था, जो उसे जेवर बनाने के लिए ग्राहकों ने दिए थे। एक किलो चांदी उसके खुद का था।
वहीं थैले में 35 ग्राम सोना भी था, जिसमें 22 ग्राम सोना का जेवर उसके खुद का था, जिसका जीएसटी रसीद भी है। शेष सोना पूर्वजों का था। सभी जेवरात का मूल्य करीब नौ लाख रुपए था। बताया कि लुटेरों के पास नीले रंग का अपाचे बाइक था। दोनों बाइक पर सवार चारों लुटेरे लूटपाट करने के बाद तालझारी के पुराना थाना गली की ओर से भागने में सफल रहे। दुकानदार ने तालझारी थाना में लूट की प्राथमिक दर्ज कराई। पीड़ित दुकानदार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर तालझारी पुलिस मामला दर्ज कर अपराधियों की घर पकड़ में जुट गई है।


