रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। अब राज्यभर के छात्र अपने प्रवेश पत्र संबंधित स्कूलों से प्राप्त कर सकेंगे, क्योंकि जैक की वेबसाइट से छात्र स्वयं एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। काउंसिल ने सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे लॉगिन कर एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और समय रहते छात्रों तक पहुंचाएं, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जैक ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर एडमिट कार्ड लेकर व्यक्तिगत विवरण, विषय सूची और परीक्षा केंद्र की जानकारी अवश्य जांचें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जैक की 10वीं बोर्ड परीक्षा तीन से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक ली जाएगी। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
लिखित परीक्षा के बाद 24 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच प्रैक्टिकल और वाइवा आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष जैक ने परीक्षा प्रणाली में अहम बदलाव किया है। छात्रों को प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। ओएमआर शीट का उपयोग नहीं होगा। एमसीक्यू प्रश्नों के उत्तर भी उत्तर पुस्तिका में ही लिखने होंगे।


