बीमा पॉलिसियों में सांप के काटने से हुई मृत्यु को रखा जाता है दुर्घटना की श्रेणी में
नई दिल्ली । बारिश में देश के कई हिस्सों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। जलभराव और खेतों में काम के दौरान लोगों के सांप के संपर्क में आने का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे मामलों में समय पर इलाज जरूरी होता है, लेकिन कई बार सरकारी अस्पतालों में तत्काल उपचार संभव नहीं हो पाता और मरीज निजी अस्पताल का सहारा लेते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सांप के काटने के इलाज का खर्च हेल्थ इंश्योरेंस से कवर होता है और यदि इस हादसे में किसी की मौत हो जाए तो क्या जीवन बीमा या टर्म इंश्योरेंस के तहत दावा किया जा सकता है।
बीमा विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादातर हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसियों में सांप के काटने जैसी आकस्मिक घटनाओं का इलाज कवर किया जाता है। यदि मरीज को अस्पताल में भर्ती होना पड़े, एंटीवेनम इंजेक्शन लगाने पड़ें, दवाइयों की जरूरत हो या गंभीर स्थिति में आईसीयू में इलाज कराना पड़े, तो पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक इन खर्चों का भुगतान बीमा कंपनी करती है। आमतौर पर इसे व्यक्तिगत दुर्घटना से जुड़ी स्थिति माना जाता है और इस पर बीमारियों की तरह लंबा वेटिंग पीरियड लागू नहीं होता।
जीवन बीमा पॉलिसियों में भी सांप के काटने से होने वाली मृत्यु को दुर्घटनाजन्य मौत की श्रेणी में रखा जाता है। यदि पॉलिसी में दुर्घटना संबंधी लाभ शामिल हैं और सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाते हैं, तो नामित व्यक्ति बीमा राशि का दावा कर सकता है। इसके अलावा कई राज्य सरकारें भी प्राकृतिक या आकस्मिक घटनाओं में होने वाली मौत पर आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं। हालांकि, बीमा कंपनियां दावा स्वीकार करने से पहले मृत्यु के कारणों का सत्यापन करती हैं। इसलिए अस्पताल की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय प्रमाण और अन्य आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखना बेहद अहम होता है। यदि मृत्यु सांप के काटने से हुई है और पॉलिसी की सभी शर्तें पूरी होती हैं, तो टर्म इंश्योरेंस के तहत दावा किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी बीमा पॉलिसी का लाभ उसकी शर्तों और कवरेज पर निर्भर करता है। इसलिए हेल्थ, जीवन या टर्म इंश्योरेंस खरीदते समय पॉलिसी दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ना और दुर्घटना संबंधी कवरेज की जानकारी पहले से लेना जरूरी है। इससे आपात स्थिति में इलाज और आर्थिक सहायता प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होती।


