डॉ. हसमत अली ने छात्रों को दी रसायन विज्ञान की प्रेरणा
दुमका: सतन आश्रम द्वारा संचालित राम गोपाल शर्मा गुरुकुलम् के लिए सोमवार का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। संस्थान में विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए नवनिर्मित “एकीकृत विज्ञान प्रयोगशाला” का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह उद्घाटन सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. हसमत अली के द्वारा संपन्न हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. हसमत अली ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उन्हें ज्ञान के शिखर तक पहुँचाना शिक्षण संस्थानों का मुख्य दायित्व है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह गुरुकुलम् इस दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहा है। रसायन विज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि हमारी पूरी सृष्टि 118 तत्वों से बनी है और ये तत्व हमारे दैनिक जीवन की क्रियाओं में भी रचे-बसे हैं।
उन्होंने छात्रों को विज्ञान की बारीकियों से अवगत कराते हुए भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अली ने कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अंक पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर सतन आश्रम के मठाधीश सह गुरुकुलम् के निदेशक स्वामी आत्मानंद पुरी ने डॉ. अली का आभार प्रकट किया। उन्होंने डॉ. अली से आग्रह किया कि वे समय-समय पर प्रयोगशाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहें।
सम्मान की कड़ी में गुरुकुलम् की अधीक्षिका पल्लवी राय ने डॉ. अली को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य और आचार्या गण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस नई प्रयोगशाला को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया।


