नई दिल्ली । भारतीय योग परंपरा में शीर्षासन को आसनों का राजा कहा जाता है। यह आसन न केवल शरीर के संतुलन को बेहतर बनाता है बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मददगार माना जाता है। कई ऐसे योगासन है जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विश्वभर में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच आयुष मंत्रालय भी लोगों को विभिन्न योगासनों के महत्व और उनके लाभों के बारे में लगातार जानकारी दे रहा है। मंत्रालय के अनुसार शीर्षासन एक उन्नत और प्रभावशाली योगासन है, जिसका नियमित अभ्यास शरीर को मजबूत और मन को शांत बनाने में सहायक होता है। शीर्षासन संस्कृत के दो शब्दों ‘शीर्ष’ और ‘आसन’ से मिलकर बना है। इसमें व्यक्ति सिर के बल संतुलन बनाकर खड़ा होता है। यह योगासन शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक स्पष्टता बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार शीर्षासन करने से कंधों, भुजाओं और कोर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसके नियमित अभ्यास से शरीर का संतुलन बेहतर होता है और व्यक्ति की एकाग्रता में वृद्धि होती है। आयुष मंत्रालय के मुताबिक शीर्षासन का सकारात्मक प्रभाव चेहरे और बालों पर भी देखा जाता है। यह आसन सिर की ओर रक्त संचार बढ़ाने में मदद करता है, जिससे चेहरे पर प्राकृतिक चमक आती है और बालों की जड़ों को पर्याप्त पोषण मिल सकता है। यही कारण है कि इसे बाल झड़ने की समस्या कम करने और बालों के विकास में सहायक माना जाता है। इसके अलावा यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है। कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं में राहत पाने के लिए भी कई लोग नियमित रूप से इस आसन का अभ्यास करते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि शीर्षासन करते समय शरीर उल्टी स्थिति में होता है, जिससे मस्तिष्क की ओर रक्त प्रवाह बढ़ता है। इससे मानसिक ताजगी और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बेहतर हो सकती है। हालांकि उच्च रक्तचाप, हृदय रोग या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को यह आसन विशेषज्ञ की सलाह के बाद ही करना चाहिए। शीर्षासन का अभ्यास करते समय सावधानी बेहद जरूरी होती है। शुरुआती लोगों को दीवार का सहारा लेकर इसका अभ्यास करने की सलाह दी जाती है। इसके लिए पहले हाथों और भुजाओं को जमीन पर मजबूती से टिकाकर सिर को चटाई पर रखें, फिर धीरे-धीरे पैरों को ऊपर उठाएं और शरीर का संतुलन बनाए रखें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


