कई दुकानों की मिठाइयों को ऑन द स्पॉट नष्ट कर संचालक से वसूला गया जुर्माना
गोड्डा : दुर्गा पूजा त्योहार को देखते हुए उपायुक्त जिशान कमर के निदेश पर जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर के द्वारा पोड़ैयाहाट प्रखण्ड मुख्यालय स्थित दर्जनों खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में मध्य विद्यालय के समीप बिनोद कुमार डे के होटल में फफूंद लगी लड्डू बेचते हुए पाया गया वहीं लड्डू इत्यादि में अखाद्य रंगों की मिलावट की पुष्टि होने पर ऐसे सारे खाद्य पदार्थों को ऑन स्पॉट नष्ट किया गया। इसके अलावा घटिया गुणवत्ता वाली दही एवं एस्पायरी लस्सी भी बरामद किया गया। फलस्वरूप खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रतिष्ठान संचालक पर पांच हजार रूपया का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया। इसी क्रम में अन्य प्रतिष्ठानों पर बिक रहे जलेबी, बुंदिया, लड्डु, ईमली चटनी, रसगुल्ला, पनीर, समोसा को तलने में उपयोग होने वाले तेल की गुणवत्ता की जाँच की गयी जहां मेसर्स डे स्वीट्स में घटिया गुणवत्ता वाली लड्डू जिसमें कपड़े धोने वाले रंग का प्रयोग किया गया था मौके पर ही नष्ट किया गया। पोड़ैयाहाट चौक स्थित मेसर्स अशोक भगत के होटल में बुंदिया एवं मेसर्स अरूण कुमार होटल में सौनपापड़ी में अखाद्य रंगों की मिलावट की पुष्टि होने पर दोनों ही सामग्रियो को मौके पर नष्ट कर दिया गया और सभी खाद्य संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने एवं खाद्य पदार्थों में एफएसएसएआई द्वारा प्रमाणित खाद्य रंगों का उपयोग करने का निदेश दिया गया। अन्य प्रतिष्ठानों से गुणवत्ता की रसायनिक जाँच हेतु लड्डू गुलाब जामुन, पेड़ा इत्यादि का नमूना संग्रह किया गया।
विदित हो कि विगत वर्षों में त्योहार एवं अन्य अवसर पर लिये गये नमूनों के जाँच प्रतिवेदन के आधार पर दर्जनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत न्याय निर्णयण पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता के न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया था जहां अपर समाहर्ता द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों हर्षित आन्नद स्वीट्स, महागामा असफल नमूना पनीर, कलाकंद 1 हजार रुपए, न्यू आदर्श स्वीट्स मोहनपुर असफल नमूना लड्डू 5 हजार रुपए, प्रदीप साह गोड्डा असफल नमूना लड्डु, रसगुल्ला 4 हजार रुपए, हरिओम स्वीट्स गोड्डा असफल नमूना रसगुल्ला 1 हजार रुपए, बालाजी स्वीट्स मेन रोड गोड्डा असफल नमूना बेसन लड्डू 5 हजार रुपए, मेसस साईं मसाला गुलजारबाग गोड्डा असफल नमूना हल्दी 5 सौ रुपए, केडी मसाला मिल गुलजारबाग, गोड्डा असफल नमूना सत्तू 2 हजार रुपए, एस के मसाला मिल गुलजारबाग असफल नमूना हल्दी, धनिया 1 हजार रुपए, मधु मसाला मिल गुलजारबाग असफल नमूना हल्दी 5 हजार रुपए का अर्थ दंड लगाया गया। इस दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों को बेचने का निर्देश दिया गया साथ ही इस प्रकार की गलती होने पर 10 गुना अर्थदंड लगाने की चेतावनी दी गयी।



