जौनपुर । जौनपुर में खेतासराय थाना अंतर्गत बादशाही के पास शुक्रवार की रात 9 बजे बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने बारात लेकर जा रहे एक दूल्हे को गोली मार दी। शाहगंज जौनपुर नेशनल हाईवे पर सरेआम हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी दूल्हे को खेतासराय स्थित हबीब हॉस्पिटल ले गए। यहां उसकी स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दूल्हे ने दम तोड़ दिया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी राम लखन बिन्द ने अपने बेटे आजाद बिन्द की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहाअंतर्गत बीबीपुर गांव निवासी गोरखनाथ बिन्द की पुत्री सोनी के साथ तय की थी। पिछले एक सप्ताह से वैवाहिक कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी होने के बाद आज निर्धारित समय के अनुसार बारात खेतासराय के लिए निकली।
पुलिस का कहना है कि दूल्हे की गाड़ी अपने घर से जैसे ही वैवाहिक रस्म पूरी करने को खेतासराय थाना क्षेत्र के लिए निकली। शाहगंज जौनपुर नेशनल हाईवे पर पहले से इंतजार कर रहे अपाची बाइक सवार नकाबपोश तीन कुख्यात अपराधियों ने दूल्हे की गाड़ी को रुकवा कर ताबड़तोड़ तीन फायर किया। एक गोली दूल्हे के पेट में लगी, दूसरी गोली उसके मुंह में लगी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में जबरदस्त दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय पांडेय, खुटहन थाना प्रभारी रामाश्रय राय व शाहगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। दूल्हे को गंभीर हालत में खेतासराय के हबीब हॉस्पिटल में ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। उधर, जमदहा गांव स्थित बीबीपुर जहां बारात जानी थी। घटना के बाद से लड़की वाले पक्ष के घर पर बज रहा डीजे साउंड बंद हो गया। दुल्हन के रूप में सजी बिटिया के सभी अरमान अधूरे रह गए। विवाह की पूरी रस्म वहीं रुक गई है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने दूरभाष पर बताया कि घटना स्थल पर पहुंची टीम मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना क्रम का खुलासा किया जाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


