मसलिया। मसलिया थाना क्षेत्र के बड़ा डुमरिया पंचायत अंतर्गत घुरमुन्दनी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां मायका जाने की जिद को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने धान में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान घुरमुन्दनी गांव निवासी राहुल मरांडी की 19 वर्षीय पत्नी ललिता हेंब्रम के रूप में हुई है। मृतका के पति राहुल मरांडी के अनुसार, ललिता अपने मायका जाने की जिद कर रही थी। राहुल ने उसे समझाते हुए कहा कि गांव में सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई जाती है, पूजा संपन्न होने के बाद वे मायका चलेंगे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद राहुल सरस्वती पूजा मंडप में प्रसाद लेने चला गया। इसी दौरान घर में मौजूद राहुल की मां शांति सोरेन ने कुछ समय बाद उसे फोन कर बताया कि ललिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह गंभीर अवस्था में है। सूचना मिलते ही राहुल घर पहुंचा, जहां पता चला कि ललिता ने धान की फसल में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पी ली है। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल दुमका ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि ललिता हेंब्रम मूल रूप से सारठ थाना क्षेत्र के देवघर जिला अंतर्गत जामरू गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब सात माह पूर्व राहुल मरांडी से हुई थी।इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


