संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका। उपराजधानी दुमका में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दुमका नगर थाना क्षेत्र में शाम ढलते ही बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। इस झपटमारी के दौरान महिला के गले में गहरी चोट आई है और खून बहने लगा। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच की है। पीडि़त ओम प्रकाश प्रसाद, कड़हरबील, दुमका ने नगर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश प्रसाद अपनी पत्नी के साथ कोर्ट स्टेशन से एलआईसी की तरफ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान स्मॉल फाइनेंस बैंक के पास एक अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने तेजी से महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन छीन ली। झपटमारी इतनी हिंसक थी कि महिला के गले में कटने के कारण गंभीर चोट आई है और खून निकलने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से तेजी से फरार हो गए। पीडि़त परिवार ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने और छीनी गई चेन बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


