● 394 पीएचडी सीटों में अब तक 175 विद्यार्थियों के नामांकन
● निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले स्थायी शिक्षक बन सकेंगे पीएचडी शोध निर्देशक
● 20 सितंबर से पीएचडी कोर्सवर्क की कक्षाएं होंगी शुरू
ब्यूरो
दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन की समस्याओं के समाधान और प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर शनिवार को कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सभी संकायों के संकायाध्यक्ष, स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्ष और विश्वविद्यालय के पदाधिकारी शामिल हुए।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा ने बताया कि पीएचडी के लिए कुल 394 सीटें जारी की गई थीं, जिनमें से 175 विद्यार्थियों के एडमिशन रिपोर्ट प्राप्त हो चुके हैं। रिक्त सीटों पर दूसरी सूची जल्द जारी करने का निर्णय लिया गया। कॉमर्स और संथाली विषय में एक-एक रिक्त सीट का परिणाम भी दूसरी सूची में जारी किया जाएगा।
बैठक में तय किया गया कि निर्धारित योग्यता वाले विश्वविद्यालय व अंगीभूत महाविद्यालयों के स्थायी शिक्षक पीएचडी शोध निर्देशक बन सकेंगे। इसके लिए पीएचडी उपाधि के साथ प्रोफेसर के पांच, एसोसिएट प्रोफेसर के तीन और असिस्टेंट प्रोफेसर के दो शोध पत्र प्रकाशित होना आवश्यक होगा।
शोधार्थियों को जल्द सुपरवाइजर आवंटित करने तथा फेलोशिप प्राप्त विद्यार्थियों को परेशानी से बचाने का निर्देश दिया गया। वहीं 20 सितंबर से पीएचडी कोर्सवर्क की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया। कुलपति ने पीएचडी नामांकन प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर नए सत्र की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।


