नई दिल्ली । पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इमाद वसीम ने अपनी शादी के छह साल बाद तलाक लेने का ऐलान कर दिया है। इमाद वसीम ने अगस्त 2019 में सानिया अशफाक से शादी की थी और इस रिश्ते से उनके दो बच्चे भी हैं। तलाक की जानकारी खुद इमाद ने सोशल मीडिया के जरिए दी, जिसके बाद यह खबर तेजी से चर्चा में आ गई। खास बात यह है कि इसी साल इमाद वसीम को लेकर अफेयर की खबरें भी सामने आई थीं, जिससे उनके वैवाहिक जीवन को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं। इमाद वसीम ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर स्टोरी साझा करते हुए तलाक की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद और पिछले कुछ वर्षों से लगातार चल रहे विवादों के कारण, जिन्हें आपसी प्रयासों के बावजूद सुलझाया नहीं जा सका, उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दी है। इमाद ने यह भी साफ किया कि यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन हालात को देखते हुए यही सही कदम लगा। अपने संदेश में उन्होंने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की।
इमाद वसीम ने आगे लिखा कि वह सभी से अनुरोध करते हैं कि उनकी और सानिया अशफाक की पुरानी तस्वीरों को इस्तेमाल या शेयर न किया जाए और आगे से सानिया को उनकी पत्नी के रूप में संबोधित न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक बातों या अफवाहों पर भरोसा न किया जाए। इमाद ने स्पष्ट किया कि इस निजी मामले में किसी को बदनाम करने या अनावश्यक रूप से घसीटने की कोशिश की गई तो जरूरत पड़ने पर वह कानूनी रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। बच्चों को लेकर उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनके पिता रहेंगे और पूरी जिम्मेदारी के साथ उनकी परवरिश और देखभाल करते रहेंगे। इमाद वसीम की पूर्व पत्नी सानिया अशफाक ब्रिटिश मूल की पाकिस्तानी हैं। दोनों की पहली मुलाकात लंदन में हुई थी और कुछ समय तक डेटिंग के बाद उन्होंने इस्लामाबाद में सादगी के साथ निकाह किया था। इसी साल जुलाई में पहली बार दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें सामने आई थीं। उस दौरान इमाद वसीम का नाम सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर नायला राजा के साथ जोड़ा गया था, जिससे अफेयर की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
अफेयर की खबरों के बीच सानिया अशफाक ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की थी, जिसने रिश्तों में आई दरार की अटकलों को और मजबूत कर दिया। इसके अलावा बेटे जयान के जन्म के बाद सानिया ने अपने इंस्टाग्राम बायो में इमाद का नाम शामिल नहीं किया, जबकि इससे पहले उन्होंने बेटी के नाम के साथ सैयद इनाया इमाद लिखा था। इतना ही नहीं, सानिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इमाद के साथ सभी तस्वीरें भी हटा दी थीं। इन सभी संकेतों के बाद अब इमाद वसीम के तलाक के ऐलान ने उन तमाम अटकलों पर मुहर लगा दी है।


