साहिबगंज । झारखंड राज्य के साहिबगंज जिले में अवैध खनन के मामले को हाईकोर्ट से सीबीआई को सौपे जाने के बाद सीबीआई की छ: सदस्यीय टीम मंगलवार की देर शाम साहिबगंज पहुंची.सीबीआई टीम में शामिल पदाधिकारियों ने बुधवार की सुबह पौने दस बजे विकास भवन के समीप जिला खनन कार्यालय पहुंची.वहां लगभग एक घंटा रहने के बाद ईडी के द्वारा जब्त किए गए जहाज को देखने टीम सकरीगली पहुंची. टीम ने यहां जहाज का मुआयना कर जब्ती सूची व अन्य दस्तावेज का मिलान करते हुए मौजूद कर्मियों से पूछताछ की.इसके बाद सीबीआई की टीम ने महादेवगंज चुआ मौजा के चर्चित नींबू पहाड़ में पत्थर खदानों का जायजा लेते हुए लोकेशन व दस्तावेज सहित ईडी के फाइंडिंग दस्तवेज से मिलान किया.
टीम ने बासा पहुंच संकट मोचन माइंस का मुआयना करते हुए वहां भी जांच-पड़ताल व पूछताछ की.इसके उपरांत सीबीआई की टीम वापस साहिबगंज जिला मुख्यालय लौट गई. बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम साहिबगंज में कुछ दिनों तक रहकर पूर्व में ईडी व खुद की जांच में चिन्हित स्थलों, प्राप्त दस्तावेजों की पड़ताल करेगी. फिलहाल सीबीआई के आगमन से एक बार फिर साहिबगंज के पत्थर जगत चर्चा में है और पत्थर कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.लोग दिन भर यह जानने की कोशिश में लगे थे आखिर सीबीआई की टीम कहां-कहां जांच करेगी एवं कितने दिनों तक साहिबगंज में रहेगी.


