शिकारीपाड़ा (दुमका) । जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में कोयला एवं बालू के अवैध खनन और परिवहन का सिलसिला लगातार जारी है। प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद एक स्थान पर छापेमारी होते ही दूसरे स्थान पर अवैध कारोबार फिर से शुरू हो जाता है।
बुधवार को अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर एवं शिकारीपाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शिकारीपाड़ा वन क्षेत्र अंतर्गत बादलपाड़ा में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अवैध कोयला खदानों से दो मोटरसाइकिल, पानी उठाने वाला एक पाइप तथा 55 बोरा कोयला जब्त किया गया। स्थानीय व्यवस्था के तहत जब्त कोयला एवं वाहनों को शिकारीपाड़ा मुख्यालय लाया गया।
अंचल अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


