दुमका नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें कई पुराने तो कई नए चेहरे हैं।नए चेहरा में एक नाम सुमित कुमार उर्फ सुमित पटवारी का है,जो युवा समाजसेवी के रूप में दुमका की जनता के बीच लोकप्रिय हैं। ‘नेतागिरी नहीं, सेवागिरी’ के नारे के साथ सुमित कुमार जनता के बीच हैं।सुमित कुमार के साथ हमारे संताल परगना ब्यूरो प्रभारी सुमन सिंह की बातचीत के प्रमुख अंश-
◆सवाल : चुनाव प्रचार अब अंतिम चरण में है। जनता का कैसा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सुमित कुमार : दुमका की जनता मुझे नया चेहरा के रूप में पसंद कर रही है।जिस वार्ड में जन संपर्क के लिए जा रहा हूं, लोगों का काफी सपोर्ट मिल रहा है।
◆सवाल : आपको लोग क्यों वोट देंगे।
सुमित कुमार : दुमका की जनता परिवर्तन चाहती है।जनता मुझे एक अच्छा विकल्प के रूप में देख रही है।मैं नेतागिरी करने नहीं, सेवा करने के लिये जनता के बीच हूं।शहर की बदहाली आपके सामने है।मेरे पास दुमका शहर के विकास का एक विजन है,जिसे मैंने घोषणा पत्र के रूप में जनता के समक्ष रखा है।
●सवाल : दुमका के विकास का आपके पास क्या विजन है?
सुमित कुमार : दुमका को स्वच्छ,सुरक्षित और विकसित करने का मेरे पास प्लान है।इसकी विस्तार से चर्चा मैंने अपने घोषणा पत्र में किया है। हर वार्ड का समान रूप से विकास होगा।हर छह माह पर सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करेंगे।आय-व्यय का विवरण जनता के समक्ष रखेंगे।
●सवाल : आप युवा प्रत्याशी हैं।शहर के युवाओं के लिए आपका क्या प्लान होगा?
सुमित कुमार : युवाओं की सुविधा के लिए हर वार्ड में युवा शक्ति केंद्र खोला जाएगा।स्टार्टअप और स्किल ट्रेनिंग के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।
●सवाल : महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आपका क्या विजन है?
सुमित कुमार : महिलाओं के लिए शहर में पिंक टॉयलेट और पिंक बस स्टॉप के साथ ही महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी।
◆सवाल : जीतने के बाद सबसे पहला काम क्या करेंगे?
सुमित कुमार : सबसे पहले शहर की सफाई,पानी और रोशनी की लचर व्यवस्था को पटरी पर लाएंगे।नगर एप लांच करेंगे।इस एप के माध्यम से जनता की शिकायत सुनी जाएगी। 72 घंटे के अंदर जनता की शिकायतों का समाधान होगा।


