पूर्वी सिंहभूम । पति-पत्नी के झगड़े का दर्दनाक अंत, सिर पर हमला होने से महिला की मौत एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। घरेलू कलह के दौरान एक होटल संचालक ने अपनी पत्नी के सिर पर खलबट्टे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल का संचालन करते हैं। मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, इसी वजह से बापी मंडल ने घर में रखे खलबट्टे से गीता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना एमजीएम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गीता मंडल को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से संबंधों को लेकर तनाव चल रहा था। आरोपित बापी मंडल ने पूछताछ में बताया कि गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर उसे आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मामला थाना तक भी पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था।
बताया जाता है कि बापी मंडल और गीता मंडल दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के पहले विवाह से दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थीं। मंगलवार रात पुराना विवाद फिर उभर आया और बहस के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि बापी ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।


