रांची । झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब राज्य में तापमान फिर बढ़ने लगा है।
मंगलवार को पलामू जिला मुख्यालय डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची में भी तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ और यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार राज्य में तापमान अभी सामान्य से दो डिग्री से अधिक नहीं पहुंचा है। इसके बावजूद दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मई महीने में इस बार झारखंड के लोगों को अपेक्षाकृत कम गर्मी झेलनी पड़ी है। बीच-बीच में हुई बारिश और बदलते मौसम के कारण तापमान नियंत्रित रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है।
इधर, मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 20 मई और 23 मई को राज्य के पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा गुमला जिले के ठेठईटांगर में 50.3 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिमडेगा जिले के बानो में 30.6 मिलीमीटर, सिमडेगा में 14.6 मिलीमीटर, नामकुम में 7.7 मिलीमीटर, बंदगांव में 7.2 मिलीमीटर और चंदनकियारी में 4.6 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य के कई अन्य जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
तापमान की बात करें, तो मंगलवार को जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुमला राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार सुबह से रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। तेज धूप निकलने के कारण दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती गई और लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


