दुमका। जामा प्रखंड स्थित कुरमन होली फेथ आवासीय विद्यालय में रविवार की रात कद्दू की सब्जी और चावल खाने के बाद 13 छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे सभी बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताते हुए तुरंत इलाज शुरू किया। राहत की बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चों की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य और खतरे से बाहर है। अस्पताल के डॉ. आलोक कुमार सिंह की देखरेख में सभी बच्चों को ओआरएस और जरूरी दवाएं दी गईं।
इनमें से गंभीर रूप से अस्वस्थ तीन छात्रों संदीप बास्की, राहुल हांसदा और नशिश बास्की को आईपीडी में भर्ती कर उपचार किया गया, जबकि नरेश बास्की, संजीव बास्की, पुरुषोत्तम टुडू, बिट्टू मरांडी, रिवासी बास्की, मुन्ना हेंब्रम, मनोज हेंब्रम, अविनाश हांसदा, अस्तर सोरेन और सगुन मुर्मू का ओपीडी में इलाज कर छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने आगे की निगरानी के लिए सभी परिजनों के मोबाइल नंबर दर्ज किए हैं, वहीं डॉक्टरों ने स्कूल प्रबंधन को भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी है।


