देवघर संताल एक्सप्रेस:-देवघर जिले के खिजुरिया स्थित शोशांक विवाह भवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा एकदिवसीय बूथ कमेटी एवं BLA-2 प्रशिक्षण सह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी मुख्य रूप से शामिल हुए। सम्मेलन की शुरुआत झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनोद पांडेय उपस्थित रहे,जबकि अध्यक्षता संजय शर्मा ने की। इस अवसर पर सारठ विधायक उदय शंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि मजबूत बूथ ही सशक्त संगठन की नींव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता सूची के सत्यापन,छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और आवश्यक सुधार कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सम्मेलन में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंत में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।


