30-40 की भीड़ ने घर में घुसकर किया हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
देवघर। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ के समीप आस्था नगर में बुधवार की देर शाम बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। दर्जनों की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने घरों पर पत्थरबाजी की और विरोध करने पर लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। पीड़ित मुकेश कुमार चौधरी के अनुसार, राजन लाल उम्र 30 वर्ष, अभिषेक यादव 28 वर्ष समेत कई लोग 30-40 अज्ञात के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दरवाजा खोलते ही सभी हथियार के साथ घर में घुस गए और उनके पुत्र अविनाश कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान बचाव करने आई एक महिला को भी पत्थर मारकर घायल कर दिया गया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़ दिया और घर के सामान को नुकसान पहुंचाते हुए लूट का प्रयास भी किया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि इलाके में दबदबा बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।


