मोबाइल चैटिंग से खुला दर्दनाक राज
लुधियाना । लुधियाना में हाल ही में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय निखिल नामक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड की लगातार बेबी की जिद और दबाव के चलते आत्महत्या की। युवक की मां गीता ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने निखिल से इतना तक कह दिया था कि मुझे बेबी दे और फिर मर जा। इस हृदयविदारक घटना का खुलासा निखिल के मोबाइल फोन की ढाई साल पुरानी चैटिंग और अन्य सामग्री से हुआ है, इस चैटिंग को बेटे की मौत के बाद मां ने खोला।
गीता के अनुसार, निखिल की गर्लफ्रेंड बीते डेढ़ साल से उससे बेबी की डिमांड कर रही थी। निखिल बार-बार समझाता था कि वह अभी नाबालिग है, ऐसा संभव नहीं है और उन्हें शादी के बाद, करीब चार-पांच साल रुक कर, जीवन में सेट होने के बाद ही परिवार शुरू करना चाहिए। हालांकि, गर्लफ्रेंड अपनी जिद पर अड़ी रहती थी और निखिल की कोई बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह कभी निखिल पर भागने का दबाव बनाती थी, तब कभी शादी करने का, और लगातार बेबी की मांग करती रहती थी।
मां ने बताया कि मोबाइल में मिली चैटिंग में भी लड़की हर बार बेबी की मांग करती थी, यहां तक कि उनकी अश्लील चैटिंग में भी यही बात प्रमुख थी। जब भी गर्लफ्रेंड इस बात पर नाराज़ होती, तब निखिल कह देता था कि हां, बेबी दे दूंगा। एक चैट में जब निखिल ने अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी करने और फिर चार-पांच साल इंतजार करने की बात कही, तब भी लड़की बेबी के लिए दबाव डालती रही। चैटिंग से पता चला कि लड़की 2024 से लगातार इस बात का दबाव बना रही थी और मां को आशंका है कि उनके बीच कई बार शारीरिक संबंध भी बन चुके थे।
निखिल अपनी गर्लफ्रेंड की अजीबोगरीब जिद से इतना परेशान हो चुका था कि उसने चैट्स में कई बार अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र किया। एक बार निखिल ने लिखा, अब मैं बहुत परेशान हो चुका हूं, तब लड़की ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय जवाब दिया, तब मर जा। जब हताश निखिल ने सुझाव दिया, चलो, फिर दोनों मरते हैं, तब लड़की का जवाब था,बिना बेबी के मैं कैसे मरूं। इस भयावह दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते 27 अक्टूबर 2025 को निखिल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद मां ने उसका मोबाइल खोला और ये सारी चैटिंग सामने आई, जिसने बेटे की मौत के पीछे का दर्दनाक सच उजागर कर दिया। मोबाइल में एक वीडियो भी मिला, जिसमें निखिल ने दबाव में आकर नस काट ली थी।


