20 जून को होनी थी युवती की शादी उससे पहले भागी, गांव में हो रही चर्चा
गिरिडीह । झारखंड के गिरिडीह जिले में सरिया स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल राजदह धाम में एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का श्राद्ध और पिंडदान कर दिया। बताया जा रहा है कि शादी से ठीक पहले बेटी द्वारा की गई लव मैरिज से आहत पिता ने यह कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक मामला कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के साथ भाग गई और बाद में उससे विवाह कर लिया। विवाह के बाद दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके जरिए परिवार को इस शादी की जानकारी लगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक परिजनों का कहना है कि युवती की शादी 20 जून को होना थी और विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। परिवार रिश्तेदारों को निमंत्रण देने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में जुटा था। इसी बीच 12 जून की रात युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। कुछ दिनों बाद उसकी शादी की खबर सामने आई। बेटी के इस कदम से परिवार को गहरा मानसिक और सामाजिक आघात पहुंचा।
रिपोर्ट के मकुताबिक मंगलवार को पिता अपने परिजनों और गांव के कुछ लोगों के साथ सरिया स्थित राजदह धाम पहुंचे। यहां उत्तरवाहिनी बराकर नदी के तट पर पुरोहितों की मौजूदगी में उन्होंने बेटी का प्रतीकात्मक चित्र बनवाया और विधि-विधान से पिंडदान कर दिया। हिंदू परंपरा में मृत व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया जाता है, लेकिन जीवित बेटी के नाम पर इस तरह का अनुष्ठान किए जाने की घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। घटना के बाद क्षेत्र में इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे एक पिता की भावनात्मक पीड़ा और सामाजिक दबाव का परिणाम मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि बदलते समय में परिवारों और युवाओं के बीच संवाद की कमी ऐसे विवादों को जन्म दे रही है।


