संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। हिरणपुर प्रखंड पंचायत समिति में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद उप प्रमुख गनी मोमिन को प्रमुख के अधिकार और दायित्व सौंप दिए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-उपायुक्त मेघा भरद्वाज द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रमुख पद पर नए निर्वाचन होने तक गनी मोमिन ही प्रमुख के अधिकारों का प्रयोग करेंगे तथा पंचायत समिति के प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।जानकारी के अनुसार, तत्कालीन प्रमुख रानी सोरेन के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रमुख का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद झारखंड पंचायत राज अधिनियम एवं संबंधित नियमावली के प्रावधानों के तहत अंतरिम व्यवस्था करते हुए उप प्रमुख गनी मोमिन को प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के तहत गनी मोमिन प्रमुख पद पर नए निर्वाचन होने तक सभी प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे और पंचायत समिति के विकास कार्यों की निगरानी करेंगे। उनके नेतृत्व में अब हिरणपुर पंचायत समिति के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी रहेगी।वहीं, प्रमुख पद के लिए नए चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायत समिति को स्थायी प्रमुख मिलेगा। प्रशासन की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द ही नए प्रमुख के निर्वाचन की कार्रवाई की जाएगी।


