देवघर । देवघर की उद्यमी एवं हस्तशिल्प से जुड़ी गीता सिंह ने प्रतिष्ठित भारत टेक्स 2026 में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर जिले और झारखंड का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में देश-विदेश के आयात-निर्यात से जुड़े उद्योगपतियों, उद्यमियों और फैशन जगत के विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलने पर उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। गीता सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भगवान भोलेनाथ, अपने गुरु, माता-पिता तथा सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद से मिली है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात ऐसे डिजाइनरों और उद्यमियों से हुई, जो देश की जानी-मानी हस्तियों, जिनमें नीता अंबानी सहित कई सेलिब्रिटीज के लिए परिधान तैयार करते हैं। इस दौरान उनके सिल्क साडिय़ों के कार्य में भी रुचि दिखाई गई, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा। उन्होंने कहा कि अब वह झारखंड लौट रही हैं और देवघर के कारीगरों के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करेंगी। उनका लक्ष्य स्थानीय शिल्पकारों और बुनकरों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी कला और उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से झारखंड की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को नई पहचान मिलेगी।


