हंसडीहा। हंसडीहा-दुमका रोड पर स्थित एक गैरेज में हुई चोरी की वारदात को सुलझाने में स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई में न केवल चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है, बल्कि वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को भी दबोच लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गैरेज के संचालक उत्तम जायसवाल ने अपने प्रतिष्ठान में चोरी होने की लिखित शिकायत हंसडीहा थाने में दर्ज कराई थी। पीड़ित के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हंसडीहा थाना कांड संख्या 60/026, दिनांक 16 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334(1) और 303(2) के तहत मामला पंजीकृत किया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली और चोरी की गई सारी संपत्ति बरामद कर ली गई। इसके साथ ही घटना में शामिल दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसडीहा के गोड्डा रोड स्थित मुस्लिम टोला निवासी अमानत अंसारी (22 वर्ष, पिता अनवारूल हुसैन) और कुम्हारपट्टी निवासी सूरज कुमार साह (22 वर्ष, पिता सुधीर साह) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की छानबीन और कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


