पलामू । जिले के पड़वा गोलीकांड मामले में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शनिवार को पलामू कोर्ट में पेश हुई। एडीजे अष्टम आइशा खान की अदालत में रिया सिन्हा सशरीर उपस्थित हुई। करीब आधे घंटे तक रिया सिन्हा कोर्ट कैंपस में रही। इसके बाद उन्हें पुनः चाइबासा जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अलावा रिया सिन्हा सहित कई आरोपित बनाए गए थे। इस केस में रिया सिन्हा जमानत पर थीं, लेकिन कोर्ट ने सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया था।
इस दौरान रिया सिन्हा को भारी सुरक्षा के बीच चाईबासा जेल से शुक्रवार की शाम पलामू लाया गया एवं शनिवार की सुुुबह में कोर्ट में पेश किया गया। रिया सिन्हा के अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने बताया कि रिया सिन्हा एसटी नंबर 255/2019 में पेश हुई। एडीजे-8 के कोर्ट में रिया सिन्हा का बयान दर्ज किया गया। 02 अगस्त 2026 की रात सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा जिले की सीमा में कैदी वाहन का टायर पंचर हो गया, सुजीत सिन्हा को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था।
इसी दौरान वह एक पुलिस जवान का हथियार लूटकर भागने लगा था और फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और उसकी मौत हो गई थी। सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार के लिए रिया सिन्हा पैरोल पर 05 अगस्त को पलामू के हुसैनाबाद पहुंची थी। इसी प्रखंड के पथरा गांव में सुजीत सिन्हा का पैतृक घर है, जबकि मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में भी मकान है। सुजीत सिन्हा के श्राद्ध कर्म में भी रिया को तीन दिनों का पैरोल दिया गया था। सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर रहा है, जबकि पत्नी पर भी कई गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं।


