जरमुंडी । दुमका जिला अंतर्गत तालझारी थाना क्षेत्र के चार युवकों को जबरन (ट्रांसजेंडर) किन्नर बनाये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में तालझारी थाना क्षेत्र के धनपतडीह गांव निवासी अनमोल उर्फ (अब ट्रांसजेंडर) अनीता ने सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर पर बहला फुसलाकर और नशीली दवाईयां खिलाकर जबरन सभी को किन्नर बनाने का आरोप लगाया है। अनीता ने बताया कि सुनील मिर्धा उर्फ माही स्थायी रूप से देवघर जिले के सारठ प्रखंड अंतर्गत मिश्राडीह का निवासी है और इनदिनों बासुकीनाथ के डोमसी मुहल्ले में रहता है। अनीता ने बताया कि माही उर्फ सुनील मिर्धा भी आपरेशन कराकर ट्रांसजेंडर बना है। उसने बहला फुसलाकर तालझारी थाना क्षेत्र के धनपतडीह निवासी गणेश उर्फ अनन्या, सहारा निवासी सूरज उर्फ नेहा और सहारा निवासी मदन उर्फ मुस्कान को भी जबरन किन्नर बनाया। सुनील मिर्धा से माही बने आरोपी ने सभी को बहलाकर नशीली दवाएं देकर शारिरिक एवं मानसिक रूप से असक्षम बनाया और दिल्ली में आपरेशन कराकर सभी को जबरन ट्रांसजेंडर बना दिया। ट्रांसजेंडर अनीता ने माही पर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, अवैध वसूली और यौन शोषण का भी आरोप लगाया है।
अनीता और अन्य पीड़ित ट्रांसजेंडरों ने बताया कि माही ने जो दवाइयां खिलाई उससे शरीर में परिवर्तन होने लगे और उनके सहमति के बिना, दवाब बनाकर ऑपरेशन कराया गया,जिसके कारण वे सभी ट्रांसजेंडर बन गए। इसके बाद आरोपी द्वारा उनसे ट्रेनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बधाई मांग कर पैसे वसूलने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा जबरन यौन शोषण एवं अन्य गलत कार्य कराए गए। उन्हें डराने धमकाने के लिए गर्म प्रेशर कुकर से शरीर को दगा गया तथा लगातार जान से मारने की धमकी दी जाती रही। लगातार भय एवं दबाव के कारण वे अब तक शिकायत दर्ज नहीं कर सके। अब जाकर हिम्मत जुटाकर न्याय की गुहार कर रहे हैं। जबरन ट्रांसजेंडर बनाए गए तालझारी थाना क्षेत्र के चारों युवकों ने उपरोक्त तथ्यों की निष्पक्षता से जांच कर आरोपी सुनील मिर्धा उर्फ माही एवं इस अपराध में शामिल अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ट्रांसजेंडर बने युवकों ने बताया कि तालझारी थाना प्रभारी के नाम आवेदन लिखकर शिकायत करने थाना भी पहुंचे थे लेकिन थाना प्रभारी ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया और उन्हें जरमुंडी थाना में शिकायत करने की सलाह दी। बहरहाल ट्रांसजेंडर बने चारों युवक अपने जान माल की सुरक्षा को लेकर भयभीत है और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।
—–
इधर , माही की शिकायत के लिए जरमुंडी थाना में ट्रांसजेंडरों ने थाना प्रभारी के नाम एक आवेदन सौंपा है।आवेदन के आधार पर जरमुंडी थाना के एएसआई सुलेखा कुमारी द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
——
सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर का बयान
—-
वहीं सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर ने बताया कि जो भी आरोप मेरे उपर लगाया जा रहा है सब झुठा आरोप है। उसने बताया कि चारों में से दो को तो मैं जानती भी नहीं। वे सभी कहां से लिंग परिवर्तन करा कर आये हैं, मुझे पता नहीं है। नेहा उर्फ सुरज अपने से लिंग परिवर्तन कर मेरे पास आया और साथ में रह रही थी। साथ रखने की बात किया था। मदन उर्फ मुस्कान तो लड़का है, किन्नर बनकर साथ में रहने तथा पैसा कमाने की बात किया था।


