मसलिया। मसलिया प्रखंड क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के बाद हुई लगातार बारिश से कई कच्चे और मिट्टी के मकानों के ढहने का मामला सामने आया है। गुमरो पंचायत में शनिवार देर रात विजया देवी पति लक्ष्मी सिंह का मिट्टी का मकान ढह गया। मकान गिरने से परिवार के चार सदस्यों के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।इधर, गोलबंधा पंचायत के बागरायडीह गांव में सुकेंदर हांसदा के मिट्टी के मकान की एक तरफ की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से एक बकरी की मौत हो गई। घर क्षतिग्रस्त होने के कारण आठ सदस्यों के परिवार को रहने में परेशानी हो रही है।
इसी गांव में बाबूधन राणा का फूस से बना रसोईघर भी अचानक गिर गया। इससे मुर्गी के बच्चे समेत रसोईघर में रखे अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, गांव के ही रामचंद्र टुडू का मकान का मुंधन समेत दीवार सहित गिर गया। लगातार बारिश के बीच इन परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवारों के अनुसार, चारों परिवारों को अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। सभी ने पंचायत में आयोजित जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के तहत आवास के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक आवास स्वीकृत नहीं हुआ। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मकान गिरने की जांच कराकर तत्काल उचित सहायता उपलब्ध कराने तथा आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।


